दिनेश शुक्ला दैनिक केसरिया हिंदुस्तानी
आलोट-आलोट में एक निजी स्कूल के शिक्षक से ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 7 लाख 11 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं।आरोपी इंदौर, देवास और भोपाल के रहने वाले हैं। शिक्षक पुष्कर पाटीदार को एक महिला ने फोन कर खुद को पूजा बताया। उसने मेटा ट्रेडर-5 ऐप के जरिए बिजनेस का प्रस्ताव दिया। इसके बाद कई बार फोन पर बातचीत हुई और व्हाट्सऐप पर मैसेज आए।आरोपियों ने शिक्षक को ऐप डाउनलोड करने के लिए एक लिंक भेजा। फिर महिला और अन्य आरोपियों ने अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करवाए। जब शिक्षक ने लाभ के पैसे निकालने की बात की, तो आरोपियों ने और पैसों की मांग की। बाद में सभी ने अपने मोबाइल बंद कर लिए।थाना प्रभारी शंकर सिंह चौहान के अनुसार, दोनों महिला आरोपियों को न्यायालय ने जेल भेज दिया है। चार अन्य आरोपी 11 मार्च तक पुलिस रिमांड पर हैं। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि शनिवार को इस मामले की पूरी जानकारी प्रेस वार्ता में दी जाएगी।