जिला ब्यूरो /मनोज सिंह
टीकमगढ़ विधानसभा के कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के बयान पर रविवार को भाजपा के पर्यावरण राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में संस्कारों की कमी है। विधायक को संघ की शाखाओं में जाना चाहिए। दरअसल, 12 दिसंबर को कांग्रेस ने सर्किट हाउस में प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन रखा था। जिसमें विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए कहा था कि भाजपा के नेता बिना संतान और बिना औरत वाले हैं। उन्हें बच्चों की पढ़ाई लिखाई से क्या लेना देना। भाजपा ने बच्चों की किताबों और कलम दवात पर जीएसटी लगा दी है।
कांग्रेस विधायक के बयान पर जब आज भाजपा के राज्य मंत्री दिलीप अहिरवार से पूछा गया तो उन्होंने कहा –
” प्रधानमंत्री के लिए भारत देश उनका परिवार है। उनको देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने देश की सेवा के लिए अपना घर-परिवार छोड़ दिया है। लोग ऐसे लोगों पर टिप्पणी करते हैं तो निश्चित रूप से दुर्भाग्यपूर्ण है। विधायक पर कांग्रेस पार्टी के संस्कारों का असर है। उन्हें संघ की शाखाओं में जाना चाहिए। जिस दिन वे संघ की शाखाओं में चले जाएंगे, उस दिन निश्चित तौर पर उनके अंदर संस्कार आ जाएंगे।